
रुड़की:(जीशान मलिक) गदरपुर नगर पालिका चुनाव की मतगणना के दौरान कांग्रेस विधायक और कार्यकर्ताओं के साथ हुई मारपीट को लेकर कांग्रेस ने कड़ी निंदा की है और भाजपा के पूर्व विधायक की गिरफ्तारी की मांग की है।


रुड़की जिला कांग्रेस अध्यक्ष हाजी मोहम्मद फुरकान ने कहा कि गदरपुर में गड़बड़ी की आशंका पर विरोध करने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, तीन बार के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री तिलक राज बेहड़ व उनके समर्थकों के साथ भाजपा के पूर्व विधायक और उनके समर्थकों ने मारपीट की। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव हारती देख सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। प्रजातंत्र में इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।प्रदेश कांग्रेस महासचिव अरविंद प्रधान और पूर्व महासचिव सचिन गुप्ता ने भी घटना की निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। सचिन गुप्ता ने कहा कि सरकार 2027 में हार देखकर घबराई हुई है।

प्रदेश सचिव प्रणव प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा संविधान को खत्म कर लोकतांत्रिक व्यवस्था का गला घोंट रही है, इसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ेगा।वरिष्ठ नेता और पूर्व महापौर गौरव गोयल व प्रदेश सचिव पंडित सुधीर शर्मा ने कहा कि जब विधायक ही सुरक्षित नहीं है तो आम जनता का क्या होगा। उन्होंने कहा कि विधायकों के लिए संवैधानिक प्रोटोकॉल होता है, उसे तोड़ना निंदनीय है। सभी नेताओं ने शासन-प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है।

