Breaking
15 Sep 2026, Tue

खण्डहर बना रखा था चोरी की बाइकों का अड्डा, पुलिस ने दबोचा ऑटोलिफ्टर गैंग, बरामद हुई 25 बाइकें 

हरिद्वार:(जीशान मलिक) एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में रानीपुर पुलिस और सीआईयू टीम ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर 25 मोटर साइकिलें बरामद की हैं। यह गैंग हरिद्वार और पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में दोपहिया वाहनों को निशाना बनाता था।रानीपुर क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी के नेतृत्व में टीम गठित की और तकनीकी सहयोग के लिए जिम्मेदारी सीआईयू प्रभारी नरेन्द्र सिंह बिष्ट को सौंपी। टीम ने सभी घटनास्थलों का निरीक्षण कर संदिग्धों की गतिविधियों का ग्राफ तैयार किया और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर तलाश शुरू की।

बीती 21 जुलाई 2026 को गोपनीय सूचना के आधार पर चेकिंग के दौरान नहर पटरी से जमालपुर जाने वाले कच्चे रास्ते के पास से 2 संदिग्ध भव्य उर्फ भोला और सुधीर कुमार को मौके पर पकड़ा गया। उनके कब्जे से औद्योगिक क्षेत्र से चोरी की गई स्पलेण्डर मोटर साइकिल बरामद हुई। पूछताछ में पता चला कि बिजनौर निवासी भव्य उर्फ भोला नशे का आदी है और पहले भी वाहन चोरी में जेल जा चुका है, जबकि सुधीर कुमार मोटर मैकेनिक है। दोनों मिलकर हरिद्वार, ऋषिकेश और बिजनौर से बाइक चोरी कर सस्ते दामों में बेच देते थे। जो वाहन नहीं बिक पाते थे उनके पार्ट्स खोलकर बेच दिए जाते थे।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दादूपुर गोविन्दपुर स्थित एक खण्डहर में छापा मारकर 24 अन्य मोटर साइकिलें और वाहन के पार्ट्स बरामद किए। बरामद बाइकों में कोतवाली रानीपुर, ज्वालापुर, नगर, थाना सिडकुल, थाना मंगलौर और उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद से चोरी की गई गाड़ियां शामिल हैं। शेष वाहनों के संबंध में जानकारी की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भव्य उर्फ भोला पुत्र अरुण कुमार निवासी अमीरपुर गांगू थाना कोतवाली शहर बिजनौर उम्र 18 वर्ष और सुधीर कुमार पुत्र कालू निवासी रसूलपुर आबाद थाना हल्दौर बिजनौर उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी बरामद वाहनों को संबंधित थानों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *