Breaking
7 Aug 2026, Fri

कांवड़ियों की सेवा में आगे आया ज्वालापुर-हरिद्वार प्रेस क्लब, फल एवं शीतल पेय वितरित

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा एवं उन्हें यात्रा के बीच राहत पहुंचाने के उद्देश्य से ज्वालापुर-हरिद्वार प्रेस क्लब (रजि.) की ओर से जटवाड़ा पुल क्षेत्र में फल एवं शीतल पेय वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कांवड़ मार्ग से गुजर रहे हजारों शिवभक्तों का स्वागत करते हुए उन्हें फल एवं ठंडे पेय वितरित किए।

भीषण गर्मी और लंबी पैदल यात्रा को देखते हुए क्लब की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशेष सेवा शिविर लगाया गया, जहां बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने फल एवं शीतल पेय ग्रहण किया। शिवभक्तों ने प्रेस क्लब की इस सेवा भावना की सराहना करते हुए सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

प्रेस क्लब के अध्यक्ष बाबर खान ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का भी प्रतीक है। देश के विभिन्न राज्यों से लाखों शिवभक्त हरिद्वार पहुंचते हैं और कठिन यात्रा पूरी करते हैं। ऐसे में उनकी सेवा करना प्रत्येक व्यक्ति के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि ज्वालापुर-हरिद्वार प्रेस क्लब पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी निरंतर अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।

महामंत्री बिक्रमजीत सिंह ने कहा कि शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा करना भगवान शिव की सेवा के समान है। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब भविष्य में भी जनहित एवं सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में महामंत्री ने सेवा कार्य में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक सहयोग, समर्पण और सेवा भावना से ही ऐसे जनकल्याणकारी कार्य सफल हो पाते हैं।

इस अवसर पर अध्यक्ष बाबर खान, महामंत्री बिक्रमजीत सिंह, कोषाध्यक्ष दानिश कुरैशी, प्रवक्ता मंत्री बिजेंद्र कुमार, संगठन मंत्री अमित वर्मा, विश्वास सैनी, धर्मराज, प्रीति अग्रवाल, ममता चौहान, प्रभा सिंह, आनंद कश्यप, अभिषेक कश्यप, सागर ठाकुर, रोहन कुमार सहित प्रेस क्लब के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *