
नैनीताल/रामनगर:(जीशान मलिक)उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9 और कक्षा 11 के छात्रों के ऑनलाइन पंजीकरण को लेकर आदेश जारी कर दिया है।


परिषद के पत्रांक उ.वि.शि.प./पंजीकरण/05-08/2026-27 दिनांक 23 सितंबर 2026 के अनुसार इस साल कक्षा 9 और 11 में प्रवेश लेने वाले सभी संस्थागत और व्यक्तिगत छात्रों का पंजीकरण ऑनलाइन किया जाएगा। इसी डाटा के आधार पर वर्ष 2028 में होने वाली कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षा कराई जाएगी।

पंजीकरण परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.ubse.uk.gov.in पर Board Exam आइकन पर जाकर करना होगा।
“कौन करेगा पंजीकरण”
1. संस्थागत छात्र: इस सत्र में कक्षा 9 और 11 में प्रवेश लेने वाले सभी छात्र और पिछले साल अनुत्तीर्ण होकर दोबारा इसी कक्षा में प्रवेश लेने वाले छात्र।
2. व्यक्तिगत छात्र: व्यक्तिगत परीक्षार्थी के रूप में कक्षा 9 और 11 की परीक्षा देने वाले छात्र मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा निर्धारित केंद्रों के माध्यम से पंजीकरण कर सकेंगे।
“पंजीकरण शुल्क”
परिषद ने प्रति छात्र पंजीकरण शुल्क मात्र 10 रुपये निर्धारित किया है। यह शुल्क राजकोष में ई-चालान के माध्यम से जमा होगा। शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 तय की गई है। परिषद ने सभी प्रधानाचार्यों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने को कहा है।

