
हरिद्वार:(जीशान मलिक) शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ तेज हो गया है। पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम बोडाहेडी में दो पक्षों के बीच पथराव कर माहौल खराब करने के मामले में पुलिस ने 22 महिलाओं और 29 पुरुषों सहित कुल 51 लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू की है।


“ड्रोन से निगरानी, छतों से हटे पत्थर”

बोडाहेडी में कुछ दिन पहले दो पक्षों में मारपीट और झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद दोनों पक्ष छतों पर ईंट-पत्थर रखकर एक-दूसरे पर पथराव कर रहे थे, जिससे गांव की शांति भंग हो रही थी।एसपी हरिद्वार के निर्देश पर 01-07-2026 को ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत थानाध्यक्ष पथरी ने पुलिस टीम के साथ ड्रोन कैमरा लेकर गांव में फ्लैग मार्च किया। ड्रोन से निगरानी कर छतों पर पत्थर रखने वालों की पहचान की गई। पुलिस के सख्त रुख के बाद आरोपियों ने खुद ही छतों से ईंट-पत्थर हटवा दिए।
थानाध्यक्ष पथरी ने गांव वालों को कड़ी हिदायत दी कि छतों पर अनावश्यक रूप से ईंट-पत्थर न रखें। ऐसा करने पर सीधे कानूनी कार्रवाई होगी।पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए छतों पर माहौल खराब करने के लिए पत्थर रखने वाले 22 महिलाओं और 29 पुरुषों के खिलाफ बीएनएस की धारा 126/135 के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने साफ किया है कि “कानून से बढ़कर कोई नहीं है। अपराध करोगे तो जेल जाना पड़ेगा।”

