Breaking
27 Aug 2026, Thu

एसएमजेएन कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस,महंत रविंद्र पुरी ने किया ध्वजारोहण

हरिद्वार:(ज़ीशान मलिक) एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज, हरिद्वार में शनिवार को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।कार्यक्रम का शुभारंभ महंत डॉ. रविंद्र पुरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया। इसके बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया गया और राष्ट्रगान हुआ। उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्य अतिथि महंत डॉ. रविंद्र पुरी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का स्मरण कराता है, जिनके संघर्ष के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। युवाओं को अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में करना चाहिए।उन्होंने विद्यार्थियों से भारत की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक विरासत को आत्मसात करते हुए आधुनिक ज्ञान-विज्ञान के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करते हुए देश के विकास में योगदान देना चाहिए।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उच्च शिक्षा निदेशक की ओर से भेजे गए संदेश को पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा कि आजादी केवल अधिकारों का उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने और उनका निर्वहन करने का अवसर भी है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।प्राचार्य डॉ. बत्रा ने कहा कि भारत आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में युवा पीढ़ी को ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।

समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत और कविताएं प्रस्तुत कीं। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता आंदोलन के महानायकों के योगदान को याद करते हुए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों पर भी विचार व्यक्त किए। देशभक्ति की प्रस्तुतियों से पूरा महाविद्यालय परिसर राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, एनएसएस स्वयंसेवी तथा विभिन्न छात्र समितियों से जुड़े विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने, संविधान के मूल्यों का सम्मान करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *