Breaking
4 Aug 2026, Tue

एकजुटता की मिसाल: बिना चुनाव सर्वसम्मति से गठित हुई कलियर प्रेस क्लब की नई टीम

पिरान कलियर:(जीशान मलिक) कलियर प्रेस क्लब रजि. की एक महत्वपूर्ण बैठक में संगठन की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। बैठक में सभी सदस्यों ने आपसी सहमति और एकजुटता का परिचय देते हुए बिना किसी चुनावी प्रक्रिया के नई कार्यकारिणी का चयन किया। इस दौरान पत्रकारों ने संगठन को मजबूत बनाने, पत्रकार हितों की रक्षा करने तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

बैठक में सर्वसम्मति से जावेद साबरी को अध्यक्ष,सर्वर सिद्दीकी को उपाध्यक्ष,जावेद अंसारी को महामंत्री, असलम खान को सचिव तथा नोशाद अली को कोषाध्यक्ष चुना गया। नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद सभी पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष जावेद साबरी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कलियर प्रेस क्लब रजि. निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित की पत्रकारिता के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की गरिमा, अधिकारों की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होगी।

उपाध्यक्ष सर्वर सिद्दीकी ने कहा कि क्लब का प्रत्येक सदस्य संगठन की ताकत है। आपसी सहयोग, विश्वास और भाईचारे के बल पर क्लब को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी मिलकर कार्य करेंगे।

महामंत्री जावेद अंसारी ने कहा कि सर्वसम्मति से हुआ यह गठन पत्रकारों के बीच विश्वास और एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकार हितों की रक्षा, युवा पत्रकारों को प्रोत्साहित करने तथा निष्पक्ष पत्रकारिता को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य करता रहेगा।

सचिव असलम खान ने कहा कि संगठन में पारदर्शिता, अनुशासन और सक्रियता बनाए रखते हुए सभी सदस्यों को साथ लेकर क्लब को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। वहीं कोषाध्यक्ष नोशाद अली ने कहा कि संगठन के संसाधनों का पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ उपयोग किया जाएगा तथा पत्रकार कल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

बैठक की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि यह भी रही कि वरिष्ठ पत्रकार प्रवेज़ आलम को सर्वसम्मति से कलियर प्रेस क्लब रजि. का संरक्षक मनोनीत किया गया। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव, मार्गदर्शन और नेतृत्व का लाभ संगठन को मिलेगा। सदस्यों ने विश्वास जताया कि उनके संरक्षण में क्लब और अधिक सशक्त होगा तथा पत्रकारों के हितों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।

इस अवसर पर डॉ. मोहम्मद उस्मान, फरमान मलिक, आरिफ हिन्दुस्तानी, दिलदार अब्बासी, शाहनवाज़ खान, मोहम्मद मुस्लिम तुर्क, अर्सलान अली, शान साबरी सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन की मजबूती, पत्रकार एकता और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

बैठक का समापन पत्रकार हितों की रक्षा, संगठनात्मक एकता तथा समाज से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी संगठन को नई दिशा और नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *