देहरादून:(जीशान मलिक)आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने निदेशालय आयुर्वेद एवं यूनानी सेवाएं, देहरादून परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘आयुष सेतु’ पोर्टल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की सचिव रंजना राजगुरु विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में निदेशक आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं, निदेशक होम्योपैथिक सेवाएं, राज्य औषधि अनुज्ञापन अधिकारी डॉ. मिथिलेश, भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड के अध्यक्ष डॉ. जेएन नौटियाल सहित शासन-प्रशासन के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
‘आयुष सेतु’ पोर्टल के शुभारंभ के साथ उत्तराखंड में आयुष विभाग की विभिन्न सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पोर्टल के माध्यम से आयुष नीति-2023, योग नीति-2025 और वेलनेस संबंधी योजनाओं के तहत पंजीकरण, प्रोत्साहन, प्रतिपूर्ति एवं अनुदान से जुड़ी सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएंगी।
पोर्टल पर पंजीकरण एवं प्रमाणीकरण के साथ ही योग नीति के अंतर्गत विभिन्न प्रोत्साहनों के लिए ऑनलाइन आवेदन, प्रतिपूर्ति और अनुदान वितरण की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके अलावा वेलनेस सेंटरों के लिए स्टार रेटिंग की व्यवस्था भी पोर्टल में शामिल की गई है।
विभाग की ओर से इच्छुक लोगों और संस्थानों से पोर्टल का लाभ उठाने की अपील की गई है। इसके लिए [www.ayushwellness.uk.gov.in](http://www.ayushwellness.uk.gov.in) पर लॉगिन कर ‘आयुष सेतु’ पोर्टल से जुड़ा जा सकता है।

