
पिरान कलियर:(जीशान मलिक) जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक आजाद अली ने कलियर विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति को लेकर मौजूदा विधायक और कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस को भाजपा की बी-टीम बताते हुए कहा कि युवा अब कांग्रेस की राजनीति से निराश हो चुका है।आजाद अली ने कहा कि कलियर विधानसभा क्षेत्र लंबे समय से विकास की राह देख रहा है। उन्होंने क्षेत्र की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए मौजूदा विधायक की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक को जनता की समस्याओं से अधिक अन्य कार्यों में दिलचस्पी है।

विश्व प्रसिद्ध पिरान कलियर दरगाह की अनदेखी का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय पहचान रखने वाले इस धार्मिक स्थल और आसपास के क्षेत्र को जिस स्तर की सुविधाएं मिलनी चाहिए थीं, वे आज तक नहीं मिल पाई हैं।ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के मुद्दे पर भी आजाद अली ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने दावा किया कि युवाओं के आंदोलन के चलते ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना पड़ा, जबकि इस मुद्दे पर कांग्रेस प्रभावी भूमिका नहीं निभा पाई।आजाद अली ने कहा कि अब तक भाजपा को सत्ता से दूर रखने के लिए क्षेत्र की जनता मजबूरी में कांग्रेस को वोट देती रही है, लेकिन अब जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) के रूप में जनता के सामने नया विकल्प मौजूद है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल करेगी और कलियर को पूरे उत्तराखंड में एक मॉडल विधानसभा बनाएगी।
उन्होंने युवाओं से राजनीति और क्षेत्र के विकास में आगे आने की अपील की। महिलाओं से अपने बच्चों और भाइयों के बेहतर भविष्य के लिए पार्टी का समर्थन करने और बुजुर्गों से बदलाव के लिए साथ देने का आह्वान किया।अंत में उन्होंने क्षेत्रवासियों से जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य कलियर को विकास, शिक्षा, रोजगार और बेहतर सुविधाओं के मामले में एक आदर्श विधानसभा बनाना है।

