हरिद्वार:(चीफ एडिटर)अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर कारसेवकों की स्मृति में बजरंग दल, हरिद्वार द्वारा एक भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन माँ गंगे ब्लड बैंक और एस. आर. मेडिसिटी हॉस्पिटल, जगजीतपुर के सहयोग से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में अखिल भारतीय सहसेवा प्रमुख आनंद हरबोला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि प्रांत संगठन मंत्री अजय कुमार ने स्वयं रक्तदान कर शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आनंद हरबोला ने कहा कि राममंदिर आंदोलन केवल मंदिर निर्माण का अभियान नहीं था, बल्कि यह राष्ट्रजागरण की चेतना थी, जिसे बजरंग दल ने जन-जन तक पहुँचाया। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर जैसे आयोजन यह प्रमाण हैं कि बजरंग दल केवल आंदोलनकारी संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित परिवार है। प्रांत संगठन मंत्री अजय कुमार ने कहा कि सेवा ही संगठन की शक्ति है, और रक्तदान केवल जीवनदान नहीं बल्कि राष्ट्रसेवा का जीवंत उदाहरण है।
यह शिविर उन वीर कारसेवकों को समर्पित है जिनका रक्त श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन की नींव में समाहित है। जिला मंत्री जीवेंद्र तोमर ने कहा कि बजरंग दल सदैव सेवा, सुरक्षा और संस्कार के सिद्धांतों पर चलते हुए समाजहित के कार्यों में अग्रणी रहा है। चाहे कोरोना काल में राहत कार्य हों, आपदाओं में बचाव दल की भूमिका हो या सांस्कृतिक एकता के अभियान, बजरंग दल के कार्यकर्ता हर क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति की मिसाल बने हैं।
कार्यक्रम में प्रांत सहसुरक्षा प्रमुख नवीन तेश्वर, सहविभाग मंत्री भूपेंद्र सैनी, जिला संयोजक अमित मुल्तानिया, जिला सहमंत्री दीपक तालियान, कमल उलियान, प्रजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, युवाओं और समाजसेवियों ने भाग लिया।

