हरिद्वार:(मनन ढींगरा) अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बुधवार, 12 अगस्त 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार के तत्वावधान में इंटर स्कूल, ज्वालापुर में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से युवाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, नशे से दूर रहने, सकारात्मक सोच तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।रैली के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सेवाओं, उनके पात्र व्यक्तियों तथा नालसा के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के संबंध में भी जानकारी दी गई। उपस्थित विद्यार्थियों को बताया गया कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और देश के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का सही दिशा में उपयोग मजबूत समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण में सहायक है।
इस आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने, शिक्षा को प्राथमिकता देने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने युवा शक्ति, शिक्षा, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण से संबंधित नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण सहित करीब 100 छात्र-छात्राओं ने रैली में भाग लिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की ओर से अधिकार मित्र मोहम्मद नौमान साबिर एवं यशोदा सिंह ने जागरूकता रैली का आयोजन एवं संचालन किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को उनके अधिकारों, विधिक सहायता और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।

