प्रसाशनिक भवन के निकट गाँव रोशनाबाद भी बना अवैध शराब माफियाओं का अड्डा, सूत्रों की माने तो कईं जगह बिक रही अवैध शराब..आखिर कौन हैं ये शराब माफिया जो निकट बैठे प्रसाशन को दे रहे खुली चुनौती
Haridwar news । जिला मुख्यालय और प्रशासनिक भवन के निकट स्थित रोशनाबाद क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि क्षेत्र के कई स्थानों पर खुलेआम अवैध शराब की बिक्री की जा रही है, जिससे न केवल कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही है बल्कि युवाओं और आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
सूत्रों के अनुसार, रोशनाबाद की पाल मार्किट सहित अन्य स्थानों पर कथित रूप से एक शराब माफिया “विक्रम” द्वारा धड़ल्ले से अवैध शराब का कारोबार संचालित किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि प्रशासनिक तंत्र की मौजूदगी के बावजूद यह कारोबार लगातार फल-फूल रहा है, जिससे प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें लंबे समय से मिल रही हैं, तो अब तक संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि अवैध शराब बेचने वालों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें कानून का कोई भय दिखाई नहीं देता।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन संयुक्त रूप से अभियान चलाकर रोशनाबाद क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार की निष्पक्ष जांच करें तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो यह अवैध कारोबार और अधिक फैल सकता है।

