हरिद्वार:(चीफ एडिटर)हरिद्वार जनपद में अनधिकृत प्लॉटिंग के विरुद्ध प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया है। प्राधिकरण को मिली सूचना के आधार पर अनेकी हेतमपुर क्षेत्र में शमशाद द्वारा लगभग 10 से 11 बीघा भूमि पर तथा भगवानपुर क्षेत्र के सिकन्दरपुर भैंसवाल मार्ग पर लोहे की फैक्ट्री के सामने अरशद द्वारा लगभग 18 से 20 बीघा भूमि पर अनधिकृत प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी।
प्राधिकरण द्वारा दोनों ही मामलों में अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद योजित किए गए थे। इसके बावजूद अनाधिकृत निर्माणकर्ताओं द्वारा स्थल पर निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया। लगातार निर्देशों की अवहेलना को देखते हुए प्राधिकरण टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर उपस्थित अनाधिकृत निर्माणकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए भविष्य में किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए। प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि नियमों के विरुद्ध निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

