देहरादून:(चीफ एडिटर)वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दून की सटीक रणनीति और पुलिस टीम की मेहनत से दून पुलिस ने नकबजनी की दो बड़ी घटनाओं का खुलासा कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में शातिर नकबजन मनीष कुमार को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत की चोरी की ज्वैलरी और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की गई है।
घटना का विवरण
10 जुलाई 2025 को वादी भगत सिंह नेगी निवासी मोहकमपुर, नेहरू कॉलोनी ने घर का दरवाजा तोड़कर ज्वैलरी व अन्य सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी ने घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल व आसपास लगे लगभग 80 सीसीटीवी कैमरों का गहन अवलोकन किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मुखबिर की सूचना पर 16 अगस्त को पुलिस ने अनिकेत फॉर्म के पास से आरोपी मनीष कुमार को स्विफ्ट कार के साथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की चालबाजी
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह रात्रि में बंद घरों की रेकी कर चोरी करता था। शक होने पर अपने पास रखे पेट्रोल के डिब्बे का बहाना बनाकर पुलिस या लोगों से बच जाता था। सीसीटीवी कैमरों और राहगीरों की नजरों से बचने के लिए आरोपी रेल पटरी, खाली प्लॉट, बाग-बगीचे और मकानों की छतों का इस्तेमाल करता था।
सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 10 अगस्त की रात हर्रावाला क्षेत्र में भी एक बंद मकान से चोरी की थी, जिसकी पुष्टि थाना डोईवाला में दर्ज मुकदमे से हुई। इतना ही नहीं, आरोपी ने एक माह पूर्व सरस्वती विहार क्षेत्र में चोरी के दौरान महिला से छेड़छाड़ की वारदात भी स्वीकार की।
बरामदगी
• चोरी की गई ज्वैलरी (कीमत लगभग 15 लाख रुपये)
• घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार
आरोपी का आपराधिक इतिहास
1. आर्म्स एक्ट, थाना नेहरू कॉलोनी (2020)
2. छेड़छाड़ व अश्लील हरकत, थाना नेहरू कॉलोनी (2025)
3. नकबजनी, थाना नेहरू कॉलोनी (2025)
4. चोरी, थाना डोईवाला (2025)
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रवीण पुंडीर, उपनिरीक्षक सुनील नेगी, हेड कांस्टेबल विद्यासागर सहित पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे।

