Breaking
23 Sep 2026, Wed

एसएमजेएन पीजी कॉलेज में 79वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय माहौल में मनाया गया

हरिद्वार:(चीफ एडिटर)एसएमजेएन पीजी कॉलेज में शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। मुख्य अतिथि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी महाराज और कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। राष्ट्रगान के बाद शौर्य दीवार पर वीर शहीदों को पुष्प अर्पित कर नमन किया गया।

महंत रविंद्र पुरी महाराज के नेतृत्व में शिक्षकों और विद्यार्थियों की एक भव्य तिरंगा यात्रा कॉलेज परिसर से होकर आसपास के क्षेत्रों में निकाली गई। इस दौरान देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। महंत रविंद्र पुरी ने सभी शिक्षकों और छात्रों को तिरंगा वितरित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने कर्तव्यों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाता है।

कार्यक्रम में रंगोली प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें आजादी, देशभक्ति और मतदाता जागरूकता पर सुंदर कलाकृतियां बनाई गईं। विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कॉलेज में ‘प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान 3.0’ के तहत निक्षय मित्र योजना के अंतर्गत क्षय रोगियों को पौष्टिक आहार किट वितरित की गई। महंत रविंद्र पुरी महाराज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह और प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने मिलकर यह वितरण किया।

महंत रविंद्र पुरी ने कहा कि निक्षय मित्र योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और जल्द ही भारत टीबी मुक्त राष्ट्र बनेगा। सीएमओ डॉ. सिंह ने बताया कि माँ मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट, पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी और कॉलेज लगातार क्षय रोग उन्मूलन में योगदान दे रहे हैं। जिला टीबी अधिकारी डॉ. अनिल कुमार वर्मा और जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अनिल नेगी ने भी लोगों से टीबी रोगियों की मदद और जागरूकता फैलाने की अपील की।

प्राचार्य डॉ. बत्रा ने कहा कि टीबी रोगियों को गोद लेने से उन्हें मानसिक और सामाजिक सहयोग मिलता है, जिससे उनका मनोबल बढ़ता है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी ने किया।

समारोह का समापन वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारों के साथ हुआ। स्वतंत्रता दिवस और सेवा कार्यों का यह संगम कॉलेज परिसर में देशभक्ति और सामाजिक दायित्व की मिसाल बनकर सामने आया।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *