हरिद्वार:(चीफ एडिटर)जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। लगातार हो रही वर्षा के चलते इस बार केवल 7 लोगों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराई, जिनमें से 3 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को त्वरित कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को भेजा गया।
जनसुनवाई में भूमि खाता दुरुस्ती, अवैध कब्जा रोकने, ट्यूबवेल हेतु विद्युत खंभे लगाने, अवैध खनन से भूमि कटाव रोकने और शिवालिक नगर में पुनः लगाए गए अतिक्रमण को हटाने संबंधी शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समाधान समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ किया जाए, और जिन मामलों में मौके पर निरीक्षण जरूरी है, उन्हें तत्काल अंजाम देकर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे, अपर जिलाधिकारी वित्त दीपेंद्र सिंह नेगी सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

