Breaking
29 May 2026, Fri

शाहपुर शीतलाखेड़ा में उपकेंद्र ध्वस्तीकरण पर कार्रवाई और प्रधान पर FIR से मचा हड़कंप, प्रधान संगठन में रोष

शाहपुर शीतलाखेड़ा में उपकेंद्र ध्वस्तीकरण पर कार्रवाई और प्रधान पर FIR से मचा हड़कंप, प्रधान संगठन में रोष

हरिद्वार, भगवा सनातन टाइम्स

विकासखंड बहादराबाद के ग्राम शाहपुर शीतलाखेड़ा स्थित सरकारी परिवार कल्याण उपकेंद्र भवन को बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के ध्वस्त करने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) श्रीमती आकांक्षा कोण्डे के निर्देश पर पुलिस चौकी फेरुपुर, थाना पथरी में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर दी गई है। यह कार्रवाई सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है।

CDO आकांक्षा कोण्डे ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संज्ञान लिया और आवश्यक विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की। पुलिस अब इस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।

प्रधान पर FIR दर्ज होने से भड़का प्रधान संगठन

उधर, ग्राम प्रधान दीपक सैनी पर दर्ज की गई FIR को लेकर प्रधान संगठन में भारी आक्रोश व्याप्त है। संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी से मुलाकात कर मुकदमे को निरस्त करने की मांग की।

ग्राम प्रधान दीपक सैनी ने बताया कि उपकेंद्र का भवन वर्षों से जर्जर था और प्राथमिक विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्र के निकट होने के कारण किसी भी समय हादसे की आशंका थी। उन्होंने ग्राम सभा की खुली बैठक में भवन ध्वस्तीकरण का प्रस्ताव पारित कराया, खंड विकास अधिकारी को पत्र दिया, और RAS के JE ने निरीक्षण कर ध्वस्तीकरण की स्वीकृति भी दी। इसके बाद नियमानुसार भवन की नीलामी की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के CHO सहित ग्राम पंचायत के सदस्य भी उपस्थित रहे।

प्रशासन से न्याय की मांग

प्रधान संगठन ने समस्त साक्ष्यों की प्रतिलिपियाँ प्रशासन को सौंपते हुए कहा कि यदि जनहित में कार्य करने पर भी जनप्रतिनिधियों पर इस तरह मुकदमे दर्ज होंगे तो पंचायत स्तर पर विकास कार्य करना मुश्किल हो जाएगा। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया है।

इस अवसर पर प्रधान संगठन के अध्यक्ष राजेश वर्मा सहित दीपक, प्रखर, आनंद, साजिद अंसारी, अमित, सतीश, मनीष, अनिल, प्रदीप, पंकज, राजू, प्रमोद, मजीत, कमलेश आदि प्रधान मौजूद रहे। संगठन ने चेताया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगे की रणनीति तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *