Breaking
27 Nov 2026, Fri

शीतलहर से निपटने को प्रशासन अलर्ट, रैन बसेरों और अलाव की व्यवस्था के निर्देश 

पौड़ी गढ़वाल:(जीशान मलिक) शीतलहर से बचाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने एनआईसी कक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि ठंड में किसी भी व्यक्ति को खुले में रात न बितानी पड़े।जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों और उपजिलाधिकारियों को रैन बसेरों में कंबल, तकिया, बिस्तर, शौचालय, पेयजल और हीटर की समुचित व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि रैन बसेरों का उपयोग किसी भी हाल में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए न हो। शाम को अलाव जलाने वाले दल निराश्रित लोगों को चिन्हित कर उन्हें रैन बसेरों तक पहुंचाएंगे। जरूरतमंदों को सूची के अनुसार निःशुल्क कंबल भी वितरित किए जाएंगे।

बस स्टेशन, चौराहों, प्रमुख पड़ावों, ग्रामीण बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने के निर्देश दिए गए। धार्मिक स्थलों और जहां ज्यादा लोग खुले में रात बिताते हैं, वहां विशेष ध्यान देने को कहा गया। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और आकस्मिक जांच के भी निर्देश दिए गए।पाला प्रभावित मार्गों पर लोक निर्माण विभाग को चूना और नमक का छिड़काव करने को कहा गया। बर्फबारी की आशंका वाले क्षेत्रों में भी पहले से तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए, ताकि मार्ग अवरुद्ध होने पर तुरंत कार्रवाई हो सके।

निराश्रित पशुओं के लिए गौशालाओं में आश्रय, अलाव, चारा और दवाओं की व्यवस्था करने को कहा गया। पशुओं को छोड़ने वाले मालिकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई होगी।स्वास्थ्य विभाग को ठंड से होने वाली बीमारियों, गर्भवती महिलाओं और स्ट्रोक के मरीजों के लिए जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। एक सप्ताह के भीतर प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग लगाने को कहा गया।पूर्ति विभाग ने बताया कि दो गोदामों में तीन माह का अग्रिम खाद्यान्न मंगवाया गया है। यूपीसीएल को बिजली का भार बढ़ने या फ्यूज उड़ने पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।बैठक में अपर जिलाधिकारी पी आर चौहान, प्रभारी एसडीएम कृष्णा त्रिपाठी, सीवीओ डॉ. विशाल शर्मा, डीडीएमओ दीपेश काला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *