
टिहरी गढ़वाल:(जीशान मलिक) भारत स्काउट एवं गाइड, जनपद टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में श्री लाल बहादुर शास्त्री जूनियर हाईस्कूल, ढालवाला में 15 से 19 नवंबर तक आयोजित जनपद स्तरीय तृतीय सोपान जांच शिविर का सफलतापूर्वक समापन हो गया। शिविर में जनपद के विभिन्न विकासखंडों के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।पांच दिवसीय शिविर में विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता, आपदा प्रबंधन तथा व्यावहारिक जीवन कौशल का प्रशिक्षण दिया गया।पहले दिन प्रतिभागियों का पंजीकरण हुआ। दूसरे दिन ध्वज शिष्टाचार, स्काउट-गाइड के नियमों की जानकारी दी गई। इस दौरान एसडीआरएफ की टीम ने बच्चों को आपदा प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तरीके बताए।

तीसरे दिन चिकित्सक द्वारा प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण दिया गया तथा गांठों का अभ्यास कराया गया। इसी दिन हाइकिंग का आयोजन भी हुआ। हाइकिंग के दौरान अधिशासी अधिकारी बड़ी प्रसाद भट्ट ने प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।चौथे दिन विभिन्न गतिविधियों के साथ सायंकाल कैंप फायर का आयोजन हुआ। इसमें टोलियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र व शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
समापन अवसर पर मुख्यायुक्त एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल ने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों को अनिवार्य रूप से संचालित करने पर जोर दिया।नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने उत्तीर्ण तथा प्रथम एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए।
इस अवसर पर जिला सचिव बी.पी. सिंह यादव ने शिविर की आख्या प्रस्तुत की। उन्होंने उत्तीर्ण प्रतिभागियों को आगामी राज्य पुरस्कार में सम्मिलित होने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में जिलायुक्त आर.सी. रतूड़ी ने सभी अतिथियों व सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य धनंजय रावत ने बच्चों के अनुशासन और उत्साह की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में जिला प्रशिक्षणायुक्त के.एल. शाह, जिला प्रशिक्षणायुक्त गाइड अनिता उनियाल, जिला संगठनायुक्त गाइड अंजू रानी शर्मा, जिला संगठनायुक्त आदित्य नारायण सिंह, जिला सह संगठनायुक्त बालकृष्ण उपाध्याय, प्रेम सिंह राणा, जिला विकास समन्वयक रामकृष्ण पोखरियाल, भगवती प्रसाद रयाल, विनीता बहुगुणा, जयराम कुशवाहा, दाताराम पुर्वाल सहित विभिन्न विद्यालयों के कंटिंजेंट लीडर व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

