Breaking
26 Nov 2026, Thu

धनुष पुल से बैरागी कैंप तक विस्तारित हो रहा आस्थापथ, निर्माण में तेजी

हरिद्वार:(जीशान मलिक) कुंभ मेला-2027 के दिव्य एवं भव्य आयोजन को लेकर हरिद्वार में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आस्थापथ को धनुष पुल से बैरागी कैंप तक विस्तारित करने का काम तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होने से श्रद्धालुओं को हरकी पैड़ी तक आवागमन के लिए एक बेहतर वैकल्पिक मार्ग मिलेगा, साथ ही भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन निकासी में भी सहूलियत होगी।बुधवार को मेलाधिकारी सोनिका ने चंडी चौक से धनुष पुल तक पैदल भ्रमण कर आस्थापथ के विस्तार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान धनुष पुल से आस्था पुल को जोड़ते हुए दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग तक मार्ग का निर्माण अंतिम चरण में पाया गया। इसके आगे पार्किंग से सटे तटवर्ती क्षेत्र में करीब 270 मीटर लंबे एलीवेटेड मार्ग का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। मेलाधिकारी ने एलीवेटेड मार्ग के कार्य में विशेष तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि कुंभ शुरू होने से पहले आस्थापथ का विस्तारित हिस्सा पूरी तरह सुव्यवस्थित कर लिया जाए।

मेलाधिकारी ने धनुष पुल से सीसीआर के मध्य नवनिर्मित घाट पर चल रहे अंतिम चरण के कार्यों का भी निरीक्षण किया और शेष कार्य तत्काल पूरा करने को कहा। उन्होंने घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, जनसुविधाओं और प्रकाश व्यवस्था के इंतजाम समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके अलावा उन्होंने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और एडमिन रोड के निर्माण की प्रगति भी देखी। रोड़ी बेलवाला को अतिक्रमणमुक्त बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी और कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।बता दें, धनुष पुल से चंडी चौक तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे हिस्से का निर्माण यूआईआईडीबी की रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास परियोजना के तहत यूपीडीसीसी के माध्यम से कराया जा रहा है। इसके आगे बैरागी कैंप तक का कार्य उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग कर रहा है।

निरीक्षण के दौरान यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक सुमित मलवाल, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अभियंता भारत भूषण सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *