
पौड़ी:(जीशान मलिक) जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा चाइल्ड हेल्पलाइन की त्रैमासिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और पुनर्वास के काम में सिर्फ कागजी खानापूर्ति न करें, बल्कि संवेदनशीलता के साथ काम करें।जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी बच्चा असुरक्षित हालात में या बाल श्रम में न रहे। इसके लिए सभी विभाग मिलकर सघन बचाव और पुनर्वास अभियान चलाएं। बाल भिक्षावृत्ति रोकने के लिए विशेष अभियान और शिविर लगाए जाएं तथा पुराने लंबित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए।

बैठक में जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि बाल संप्रेषण गृह गडोली में पेयजल की सुविधा सुचारू कर दी गई है। शिक्षा विभाग ने बाल देखरेख संस्थाओं में रह रहे बच्चों को पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध करा दी हैं। ग्राम स्तर पर बाल पंचायतों के गठन की प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। चाइल्ड हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के काउंसलरों को नियमित रूप से स्कूलों में जाकर किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने को कहा। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किताबों के साथ खेलकूद के भी पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग पुस्तकें और खेल उपकरण उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दें।
उन्होंने बाल देखरेख संस्थाओं में अग्निशमन उपकरण लगाने और राजकीय संप्रेषण गृह (किशोर) में सुरक्षा गार्ड कक्ष बनाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन और बाल संरक्षण योजनाओं के प्रचार-प्रसार की सामग्री वितरित करने को कहा।बच्चों में नशे की प्रवृत्ति पर जिलाधिकारी ने गंभीरता जताई। उन्होंने पुलिस विभाग को कार्रवाई करने और शिक्षा विभाग को स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने लाभार्थी बच्चों का डेटाबेस अपडेट किया जाए, ताकि उनकी शिक्षा और रोजगार की स्थिति के हिसाब से आगे की मदद दी जा सके।
बैठक में पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

