
भगवानपुर:भगवानपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को टोल प्लाजा के निकट स्थित भाईचारा ढाबे से अवैध रूप से शराब परोसते हुए पकड़ा। आरोपी के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की शराब के पैक, खुली शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के निर्देशन में 9 नवंबर 2026 को पुलिस टीम ने भाईचारा ढाबे पर छापेमारी की।इस दौरान पुलिस ने राशिद पुत्र यूसुफ (33 वर्ष), निवासी ग्राम रायपुर, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार को अवैध रूप से शराब परोसते हुए गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने दो टेट्रा पैक माल्टा मसालेदार, एक खुला हुआ नमकीन चटपटी हल्दीराम का पैकेट, एक खुली हुई हाफ ब्लेंडर्स प्राइड की बोतल तथा दो डिस्पोजल गिलास बरामद किए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 466/2026, धारा 60/68 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मुकेश नौटियाल, कांस्टेबल रविन्द्र राणा एवं कांस्टेबल संदीप रामा शामिल रहे।

