
देहरादून:(जीशान मलिक) भराड़ीसैंण (गैरसैंण):मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में 13 महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों के सपनों का सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 दिसंबर 2026 से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा कार्यकत्रियों और भोजन माताओं के मानदेय में वृद्धि की जाएगी। अतिथि शिक्षकों के मानदेय में भी शीघ्र वृद्धि की जाएगी। लखपति दीदियों को व्यवसाय विस्तार के लिए दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट समिति गठित की जाएगी। समिति चिह्नीकरण नियमों में छूट, दोहरी पेंशन और आश्रितों को प्रमाणपत्र देने जैसे विषयों पर संस्तुति देगी।
“ये हैं 13 घोषणाएं”
1. आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं का मानदेय बढ़ेगा।
2. आशा कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ेगा।
3. भोजन माताओं का मानदेय बढ़ेगा।
4. लखपति दीदियों को दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
5. वन्यजीव हमले में घायलों को प्लास्टिक सर्जरी जैसे महंगे इलाज के लिए अतिरिक्त सहायता मिलेगी।
6. हर जिले में दो-दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी और वाचनालय बनेंगे।
7. सभी राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ा जाएगा।
8. प्रवासी निवेशकों के लिए भूमि खरीद प्रक्रिया सरल होगी।
9. ‘अपुणि सरकार’ पोर्टल हर जिले में और सरल होगा।
10. छोटे किसानों और बिजली उपभोक्ताओं का विलंब सरचार्ज माफ होगा।
11. स्व. गोपाल बाबू गोस्वामी और स्व. चन्द्र सिंह राही को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान मिलेगा।
12. अतिथि शिक्षकों का मानदेय बढ़ेगा।
13. आंदोलनकारियों की समस्याओं के लिए कैबिनेट समिति बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। प्रदेश की अर्थव्यवस्था 2.55 लाख करोड़ से बढ़कर 3.82 लाख करोड़ रुपये हो गई है। राज्य का बजट 1.11 लाख करोड़ से अधिक हो गया है।समारोह में मुख्यमंत्री ने आंदोलनकारियों और लोकगायक स्व. गोपाल बाबू गोस्वामी के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। कृषि, उद्यान, स्वरोजगार और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को भी सम्मानित किया गया।इस अवसर पर प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, जिलाधिकारी गौरव कुमार, एसपी सुरजीत सिंह पंवार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

