
हरिद्वार:(जीशान मलिक) आगामी कुंभ मेला-2027 और गंगा बंदी के मद्देनजर धर्मनगरी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रेम नगर आश्रम में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रेम नगर आश्रम के अनुयायियों, साधु-संतों और स्वयंसेवकों ने आश्रम घाट और आसपास के क्षेत्रों में श्रमदान कर करीब 10 टन गीला और सूखा कूड़ा एकत्रित किया।अभियान में कई सौ लोगों ने हिस्सा लिया। एकत्र कूड़े को निस्तारण के लिए भेजा गया।
मौके पर मौजूद मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि कुंभ को देखते हुए घाटों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रेम नगर आश्रम का यह अभियान जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन बनाया जा सकता है।
प्रेम नगर आश्रम के महाप्रबंधक महात्मा सौम्यानंद ने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, यह सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि परम पूज्य गुरु सतपाल महाराज के निर्देश पर स्वच्छता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। गंगा हमारी आस्था का आधार है, इसकी निर्मलता बनाए रखना हम सबका कर्तव्य है।
इस दौरान पवन कुमार, अनुज रावत, शंकर लाल शर्मा, मोतीलाल, नरेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में अनुयायी मौजूद रहे।

