
हरिद्वार:(चीफ एडिटर) कुंभ मेला-2027 के सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को मेलाधिकारी सोनिका ने बैरागी कैंप से शंकराचार्य चौक तक विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैरागी कैंप प्रवेश द्वार, आईरिस पुल और फ्लाईओवर के नीचे के क्षेत्रों में जमा मलबा हटाने, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक स्थानों पर दीवार निर्माण कराने को भी कहा।


मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए प्रमुख मार्गों और पुलों के आसपास की व्यवस्थाएं सुचारु और सुरक्षित होनी चाहिए। शंकराचार्य चौक में फसाड और सौंदर्यीकरण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और डाम कोठी मार्ग के चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।उन्होंने एचआरडीए और नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क किनारे लगे विद्युत पोलों को सड़क क्षेत्र से बाहर शिफ्ट किया जाए ताकि यातायात बाधित न हो। साथ ही सार्वजनिक स्थलों के विकास में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और सड़क सुधार कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि विकास कार्य इस तरह किए जाएं कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिले और शहर का समग्र स्वरूप भी बेहतर हो।इस अवसर पर नगर आयुक्त नंदन कुमार, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उद्यान अधिकारी ए.आर. जोशी, पीआईयू अभियंता सरीन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

