
रुड़की: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान छूटे पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस संबंध में कार्यालय ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, रुड़की की ओर से विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 30-पिरान कलियर और 31-रुड़की के सभी BLO एवं BLO सुपरवाइजरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।


ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी दीपक रामचंद्र शेट (आईएएस) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 8, 9 और 10 अक्टूबर 2026 को सभी BLO एवं BLO सुपरवाइजर अपने निर्धारित मतदान स्थलों पर कैंप लगाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से उन पात्र नागरिकों से संपर्क किया जाएगा, जिनके नाम SIR के दौरान छूट गए हैं या जो 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं। पात्र नागरिकों से प्रपत्र-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया की जाएगी। इस कार्य में BLA-2 का भी सहयोग लिया जाएगा।

12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर अभियान
आदेश में कहा गया है कि 12 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक सभी BLO घर-घर जाकर मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों से संपर्क करेंगे और उनसे प्रपत्र-6 भरवाएंगे। इसका उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया को पूरा करना है।
फोटो-वीडियो भेजना अनिवार्य
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देशों के तहत BLO एवं BLO सुपरवाइजरों को मतदान स्थल पर कैंप लगाने के साथ-साथ घर-घर किए जा रहे अभियान की दैनिक फोटो एवं वीडियो संबंधित ग्रुप में भेजना अनिवार्य किया गया है। अधिकारियों को कार्य की नियमित निगरानी और रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजनीतिक दलों से भी सहयोग की अपील
आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी हरिद्वार, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सभी SDOP रुड़की तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों को भी सूचनार्थ भेजी गई है।राजनीतिक दलों से अपील की गई है कि वे अपने BLA-1 के माध्यम से BLA-2 को निर्धारित तिथियों पर BLO के साथ सहयोग करने के लिए निर्देशित करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। निर्धारित कार्यक्रम के तहत पहले मतदान केंद्रों पर कैंप और इसके बाद घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा, ताकि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकें।

