
दिल्ली:(जीशान मलिक) एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट कंप्टीशन में भारत ने गोल्ड मेडल की ओर बड़ा कदम बढ़ा दिया है। सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 124 रन के विशाल अंतर से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है।गुरुवार को खेले गए मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 169 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजी के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और महज 9.5 ओवर में 45 रन पर ऑलआउट हो गई। श्रीलंका के 6 बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके।


“किशन-सूर्यवंशी ने दिलाई मजबूत शुरुआत।

भारत के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने नाबाद 80 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों पर ताबड़तोड़ 38 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई।इसके साथ ही गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने 2-2 विकेट झटके और श्रीलंका की कमर तोड़ दी।
दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 6 विकेट से हराया है। अब शनिवार को होने वाले गोल्ड मेडल मैच में भारत का सामना चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। फैंस को एक बार फिर हाई-वोल्टेज मुकाबले का इंतजार है।

