Breaking
5 Oct 2026, Mon

मोहब्बेवाला ब्लैक स्पॉट पर हादसे रोकने को टास्क फोर्स तैनात, DM ने दिए 24×7 पेट्रोलिंग के निर्देश

देहरादून:(जीशान मलिक) दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मोहब्बेवाला में बने ब्लैक स्पॉट पर लगातार हो रहे सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन सख्त हो गया है। शनिवार को धर्मपुर विधायक विनोद चमोली और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मोहब्बेवाला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों से संवाद कर उनके सुझाव भी लिए गए। अधिकारियों के साथ हुई चर्चा में सामने आया कि ओवरस्पीड और ओवरलोडिंग इस ब्लैक स्पॉट पर हादसों के प्रमुख कारण हैं।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जब तक इस क्षेत्र में हादसों पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं हो जाता, तब तक यहां आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत टास्क फोर्स तैनात रहेगी। पुलिस और परिवहन विभाग को 24×7 नियमित पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पॉट से पहले चेक पोस्ट स्थापित कर विशेष रूप से भारी और लोडिंग वाहनों की ओवरलोडिंग की जांच की जाए। ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए राउंडअबाउट बनाने और बड़े वाहनों को सुरक्षित मार्ग से पास कराने की कार्ययोजना तैयार की जाए।

विधायक विनोद चमोली ने अधिकारियों को त्वरित सुधारात्मक कार्यों के साथ दीर्घकालिक कार्ययोजना बनाने और स्थानीय लोगों के सुझावों को उसमें शामिल करने के निर्देश दिए।साथ ही जिलाधिकारी ने NHAI और लोक निर्माण विभाग को सड़क के डिजाइन, मोड़, ढलान और विजिबिलिटी का तकनीकी परीक्षण कर सुधार करने, पर्याप्त साइनेज, सीसीटीवी, स्पीड ब्रेकर और स्पीड मॉनिटरिंग उपकरण लगाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एनएच, एनएचआई, पीडब्ल्यूडी, पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *