Breaking
24 Sep 2026, Thu

सपनों के भारत की तस्वीर बनाएंगे छात्र, 26 सितम्बर से विद्यालयों में होंगे मुकाबले

देहरादून:(जीशान मलिक) सेवा संकल्प अभियान के तहत अब प्रदेश के स्कूलों में छात्र अपने सपनों के भारत की परिकल्पना कागज पर उतारेंगे। ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर 26 सितम्बर से विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताओं की शुरुआत होने जा रही है। गुरुवार को विकास भवन सभागार में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने तैयारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह भी मौजूद रहे।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि इस अभियान के तहत ‘विकसित भारत के संकल्प’ और ’25 वर्षों के कार्यों एवं उपलब्धियों’ विषयों पर निबंध, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। पहले चरण में प्रतियोगिताएं विद्यालय स्तर पर होंगी, जिसके बाद जनपद स्तरीय कार्यक्रम में विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। चयनित चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

डॉ. रावत ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह जानना है कि देश के भविष्य के रूप में युवा विकसित भारत को कैसे देखते हैं और उसके निर्माण में अपनी भूमिका को किस प्रकार समझते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए।वहीं उच्च शिक्षण संस्थानों में महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए संवाद, कला और कहानी लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

शिक्षा विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने अधिकारियों को सभी विद्यालयों तक समय पर जानकारी पहुंचाने और चयनित प्रविष्टियों का विवरण तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *