Breaking
21 Sep 2026, Mon

समाधान दिवस में छाया जमीन विवाद का मुद्दा, सरकारी भूमि पर प्लॉटिंग की शिकायत पर जांच के आदेश

देहरादून:(जीशान मलिक) जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर आयोजित जन समाधान दिवस में 137 से अधिक शिकायतें आईं, जिनमें सबसे ज्यादा मामले भूमि विवाद और सरकारी जमीन पर कब्जे से जुड़े रहे।अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा और स्मृता परमार की अध्यक्षता में हुए समाधान दिवस में जॉलीग्रांट, डोईवाला के ग्रामीणों ने ग्राम समाज, जोहड़, तालाब और जंगलात की जमीन पर अवैध कब्जा कर प्लॉटिंग करने की शिकायत की। ग्रामीणों का आरोप है कि 1965 में ट्यूबवेल और नहर के लिए छोड़ी गई जमीन पर भी कब्जा हो रहा है। इस पर एसडीएम डोईवाला को स्थलीय और अभिलेखीय जांच के निर्देश दिए गए।

वहीं विकासनगर के सुनील पठानिया ने UPI से 99 हजार रुपये धोखाधड़ी से दूसरे खाते में ट्रांसफर होने की शिकायत की। इस पर सीओ विकासनगर को जांच के आदेश दिए गए हैं।लखवाड़ बांध से प्रभावित लूहन, लखस्यार, डांडा और खेड़ा के ग्रामीणों ने पुनर्स्थापन अनुदान से वंचित पात्र परिवारों को लाभ दिलाने की मांग उठाई।

भुड्डी स्थित राजीव बाल विद्या मंदिर की प्रबंधक आनंदी देवी ने स्कूल के सामने खसरा संख्या 24 की 0.102 हेक्टेयर सरकारी भूमि को बच्चों के खेल मैदान के लिए देने की मांग की।इसके अलावा 78 वर्षीय बुजुर्ग माया देवी ने बहू द्वारा घर से निकाले जाने और एकता विहार, टर्नर रोड के लोगों ने 450 फीट सरकारी भूमि पर कब्जा हटाने की मांग की।अपर जिलाधिकारियों ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *