
देहरादून:(जीशान मलिक) दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को उनकी जरूरत के अनुसार निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए जिले में 21 से 26 सितंबर तक 11 चिन्हीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। समाज कल्याण विभाग की ओर से भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर के सहयोग से आयोजित होने वाले इन शिविरों में पात्र लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।‘सेवा संकल्प सप्ताह’ के तहत लगाए जा रहे शिविरों में चिन्हीकरण के बाद पात्र पाए जाने वाले दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को एक अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। सभी शिविर प्रातः 11 बजे से आयोजित होंगे।


निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 सितंबर को विकासखंड परिसर सहसपुर और कालसी,22 सितंबर को नगर पंचायत सेलाकुई, विकासखंड परिसर विकासनगर तथा पंचायत भवन रामनगर डांडा थानों,23 सितंबर को विकासखंड परिसर डोईवाला और पंचायत भवन सभावाला, 24 सितंबर को विकासखंड परिसर रायपुर तथा आंगनबाड़ी केंद्र नवादा चौक बद्रीपुर में शिविर लगाए जाएंगे। वहीं 26 सितंबर को रेसकोर्स वेलफेयर सोसायटी, 120 रेसकोर्स और गंगा फार्म, बालावाला में चिन्हीकरण शिविर आयोजित होंगे।जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों को शिविरों की व्यवस्थाएं समय से पूरी करने तथा अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों का चिन्हीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

ये दस्तावेज जरूरी…
दिव्यांगजनों को शिविर में यूडीआईडी कार्ड, आधार कार्ड की छायाप्रति और मासिक आय प्रमाण-पत्र साथ लाना होगा। वहीं बुजुर्गों को आधार कार्ड की छायाप्रति के साथ ग्राम प्रधान अथवा पार्षद द्वारा जारी मासिक आय प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। बुजुर्गों के लिए आय सीमा 15 हजार रुपये प्रतिमाह तक निर्धारित की गई है।जिला प्रशासन ने पात्र दिव्यांगजनों और बुजुर्गों से निर्धारित तिथियों पर शिविरों में पहुंचकर अपना चिन्हीकरण कराने की अपील की है, ताकि उन्हें आवश्यकता के अनुरूप निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें।

