Breaking
31 Aug 2026, Mon

हरिद्वार:जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़

हरिद्वार:(जीशान मलिक) जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 44 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 26 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के लिए प्रेषित किया गया।जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड सहित विभिन्न मामलों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ परीक्षण करते हुए उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जनसुनवाई में औरंगाबाद निवासी योगेंद्र कुमार ने खेत के सामने सड़क के दोनों ओर नियमानुसार नाली निर्माण एवं जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग रखी। वहीं सुमन नगर निवासी कमलेश उप्रेती ने भारी बारिश के कारण घर के चारों ओर हुए जलभराव की समस्या बताते हुए जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने का अनुरोध किया।औरंगाबाद निवासी प्रमोद कुमार ने पड़ोसियों द्वारा मकान निर्माण में बाधा डालने की शिकायत की। नारसन क्षेत्र के हरचंदपुर निवासी ओमकार ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत स्थापित 25 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र के ऋण एवं उस पर देय ब्याज की पूर्ण माफी की मांग की। ग्राम ब्रह्मपुरी (रावली महदूद) निवासी कमलेश ने मंदिर से करीब 100 फुट की दूरी पर संचालित शराब की दुकान को बंद कराने की मांग की।

इसी तरह ग्राम पुरनपुर साल्हापुर निवासी बबिता ने 27 अगस्त को हुई अत्यधिक वर्षा से क्षतिग्रस्त मकान का मौका मुआयना कराकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन शिकायतों के समाधान के लिए स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर मौके पर पहुंचें और समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन पर दर्ज प्रत्येक शिकायत का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान एल-1 स्तर पर 413 तथा एल-2 स्तर पर 120 शिकायतें लंबित पाई गईं। अधिकारियों को इन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, डीपीआरओ मुस्तफा खां, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह, नोडल स्वजल चंद्रकांत मणि त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान विपिन चौहान, परियोजना अधिकारी उरेडा युद्धवीर सिंह बिष्ट सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *