Breaking
26 Aug 2026, Wed

बेडपुर चौक पर ढाबा संचालक पर फायरिंग, पढ़े पूरी खबर 

पिरान कलियर:(जीशान मलिक)इमलीखेड़ा-भगवानपुर मार्ग पर बेडपुर चौक पर रविवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने एक ढाबा संचालक को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से ढाबे में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि ढाबा संचालक शोएब ने किसी तरह बचकर अपनी जान बचा ली। फायरिंग के दौरान निकले छर्रे ढाबे की दीवार में जा धंसे।

मिली जानकारी के मुताबिक बेडपुर निवासी शोएब का बेडपुर चौक के पास शुद्ध शाकाहारी ढाबा है। रविवार रात करीब दो बजे ढाबे पर काम करने वाले कर्मचारी सो चुके थे, जबकि शोएब जाग रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर चार नकाबपोश युवक ढाबे के पास पहुंचे और कथित तौर पर शोएब को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी।फायरिंग की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। शोएब ने किसी तरह खुद को बचाया। वहीं, फायरिंग के छर्रे ढाबे की दीवार में जा लगे। आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी दोनों बाइकों से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ढाबा संचालक समेत आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।शोएब ने पुलिस को बताया कि गांव में उसकी पुरानी रंजिश भी चल रही है। ऐसे में पुलिस पुरानी रंजिश के एंगल को भी जांच में शामिल कर रही है। हालांकि फायरिंग की असली वजह क्या है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि ढाबे पर फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया है और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा।फिलहाल पुलिस पुरानी रंजिश समेत फायरिंग के पीछे की अन्य संभावित वजहों की भी जांच कर रही है। देर रात हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *