पिरान कलियर:(जीशान मलिक) हजरत साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स को लेकर पिरान कलियर इन दिनों रोशनी से नहा उठा है। दरगाह परिसर से लेकर प्रमुख मार्गों और बाजारों तक रंग-बिरंगी लाइटों से की गई सजावट ने पूरी नगरी का नजारा बदल दिया है। रात होते ही रोशनी की जगमगाहट के बीच पिरान कलियर का माहौल बेहद आकर्षक नजर आ रहा है और उर्स की रौनक लगातार बढ़ती जा रही है।
उर्स में देश के अलग-अलग हिस्सों से जायरीनों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। बड़ी संख्या में जायरीन साबिर पाक की दरगाह पर पहुंचकर जियारत कर रहे हैं। दूर-दराज से आने वाले जायरीनों की मौजूदगी से बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई है। दुकानों, गलियों और प्रमुख स्थानों पर की गई सजावट ने उर्स की रौनक को और बढ़ा दिया है।शाम ढलते ही रंगीन रोशनियों से सजे दरगाह क्षेत्र और आसपास के रास्ते आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं। कहीं झालरों की चमक तो कहीं आकर्षक विद्युत सजावट जायरीनों का ध्यान खींच रही है। रोशनी से सजी पिरान कलियर की तस्वीरें और वीडियो भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।
” जायरीनों की बढ़ती भीड़ से बढ़ी रौनक!!!
758वें उर्स में बड़ी संख्या में जायरीन पिरान कलियर पहुंच रहे हैं। मुख्य बाजार और दरगाह की ओर जाने वाले मार्गों पर दिनभर चहल-पहल बनी हुई है। रात के समय रोशनी और जायरीनों की आवाजाही से पूरा क्षेत्र गुलजार नजर आता है। उर्स में आने वाले जायरीन सजावट और व्यवस्थाओं को देखकर उत्साहित दिखाई दे रहे हैं।
” सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर भी पुलिस की नजर,,
उर्स में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और मेला प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रमुख मार्गों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। जायरीनों की सुविधा के लिए प्रवेश व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया जा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि उर्स के दौरान पिरान कलियर की रौनक देखते ही बनती है, लेकिन इस बार रंग-बिरंगी रोशनी से की गई सजावट ने इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा दिए हैं। दिन में जायरीनों की भीड़ और रात में जगमगाती रोशनी के बीच पिरान कलियर पूरी तरह उर्स के रंग में रंगा नजर आ रहा है।

