हरिद्वार:(चीफ एडिटर)स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज, हरिद्वार में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगे से प्रेरित पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ, पर्यावरण प्रकोष्ठ, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, लीगल ऐड सेल, एंटी ड्रग सेल एवं मानक क्लब के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के रंगों और राष्ट्रीय भावना को केंद्र में रखते हुए आकर्षक पोस्टर एवं पेंटिंग्स तैयार कीं। चित्रों में देशप्रेम, राष्ट्रीय गौरव, स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के प्रति सम्मान तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता की भावना प्रभावशाली रूप से दिखाई दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय गौरव और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा कला के माध्यम से तिरंगे के प्रति अपनी भावनाओं की अभिव्यक्ति अभियान को और अधिक सार्थक बनाती है। ऐसी गतिविधियां युवाओं में देशभक्ति के साथ सृजनात्मकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में सहायक होती हैं।अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि तिरंगा हमारी स्वतंत्रता, संप्रभुता और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। युवा पीढ़ी जब तिरंगे को अपनी कला और विचारों से जोड़ती है तो यह राष्ट्र के प्रति उनके गहरे जुड़ाव को दर्शाता है।
राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. विनय थपलियाल ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने में शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। महाविद्यालय द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने की दिशा में सराहनीय पहल है।सह अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. शिव कुमार चौहान ने कहा कि प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रतिभागी विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए महाविद्यालय प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि तिरंगे से प्रेरित चित्रों के माध्यम से उन्हें अपनी राष्ट्रभक्ति और भावनाओं को कलात्मक रूप में व्यक्त करने का अवसर मिला।
“सोनम और स्नेहा संयुक्त रूप से प्रथम”
प्रतियोगिता में बीएससी की छात्रा सोनम पालीवाल तथा बीए की छात्रा स्नेहा ने संयुक्त रूप से प्रथम पुरस्कार हासिल किया। बीए की छात्रा प्रिया रघुवंशी तथा बीकॉम की छात्रा शीतल को संयुक्त रूप से द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं बीकॉम की छात्रा दीक्षा रावत, बीए की छात्रा प्रिन्सी राजपूत तथा बीएससी की छात्रा मीनाक्षी ने संयुक्त रूप से तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।बीए की छात्रा खुशी रावत, यासमीन तथा कशिश सैनी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका मनोज सहगल, अमित कुमार एवं श्रीमती सोनल ने निभाई। संयोजक मंडल में डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी, डॉ. पल्लवी एवं डॉ. मिनाक्षी शर्मा ने दायित्वों का निर्वहन किया।
इस अवसर पर प्रो. जे.सी. आर्य, डॉ. मनोज सोही, डॉ. विजय शर्मा, वैभव बत्रा, डॉ. पूर्णिमा सुन्दरियाल, डॉ. मोना शर्मा, विनीत सक्सेना, कार्यालय अधीक्षक मोहन चंद्र पाण्डेय सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

