रूड़की:(जीशान मलिक) रविवार शाम नेशनल हाईवे पर रिमझिम ढाबे के पास अलग-अलग सड़क हादसों में दो बाइक सवारों की मौत हो गई, जबकि एक स्कूटी सवार घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही रुड़की कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, रविवार 9 अगस्त 2026 को शाम करीब 6:40 बजे नेशनल हाईवे पर रिमझिम ढाबे के पास बुलेट और मोटरसाइकिल की आपस में टक्कर हो गई। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत-बचाव कार्य करते हुए घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से राजकीय अस्पताल रुड़की भिजवाया।
हादसे में संदीप मलिक (35) पुत्र महिपाल सिंह तथा विपिन (40) पुत्र राजपाल, दोनों निवासी किवाना, थाना कांधला, जिला शामली (उत्तर प्रदेश), गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। उनके साथी भी मौके पर मौजूद रहे।
वहीं, इसी स्थान पर करीब 6:30 बजे कार और स्कूटी की भी टक्कर हो गई थी। हादसे में स्कूटी सवार घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए क्वाड्रा अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक घायल की हालत फिलहाल सामान्य है। घायल की पहचान की जा रही है।पुलिस ने दोनों हादसों में शामिल वाहनों को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। हादसों के कारणों की जांच की जा रही है।

