हरिद्वार:(जीशान मलिक) चरण पादुका मंदिर परिसर में आयोजित कांवड़ सेवा शिविर के दौरान अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज,महंत दर्शन भारती महाराज एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने एलएलएम की डिग्री प्राप्त करने पर वरिष्ठ पत्रकार अनिल बिष्ट को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए महंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि मनुष्य को जीवनभर सीखते रहने की प्रवृत्ति बनाए रखनी चाहिए। निरंतर ज्ञान अर्जित करने वाला व्यक्ति ही जीवन में सफलता, संस्कार और आत्मिक उन्नति प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु-शिष्य परंपरा का विशेष महत्व है तथा शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि उत्तम चरित्र, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास भी है।
महंत दर्शन भारती महाराज ने कहा कि गुरु के सान्निध्य में प्राप्त शिक्षा व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देती है। आध्यात्मिक ज्ञान और नैतिक संस्कारों के बिना शिक्षा अधूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से विनम्रता, सेवा और अनुशासन को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि उनमें सीखने की जिज्ञासा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित हो जाए तो वे राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। वहीं सीओ भावना कैंथोला ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को जागरूक, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाती है तथा युवाओं को कानून के सम्मान, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रहित की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
जिला प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष राकेश वालिया ने वरिष्ठ पत्रकार अनिल बिष्ट को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे पत्रकारिता के साथ-साथ विधि के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे।सम्मान से अभिभूत अनिल बिष्ट ने सभी संत-महापुरुषों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर सुनील दत्त पाण्डेय, मुदित अग्रवाल, रामेश्वर गौड़, प्रमोद गिरि, महावीर नेगी, सुमित यश कल्याण, सुमेश, विकास चौहान, मनोजानंद, वासु राजपूत, राजकुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

