पिरान कलियर:(जीशान मलिक)पिरान कलियर क्षेत्र के ग्राम रहमतपुर में विशाल रक्तदान शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के युवाओं, समाजसेवियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 25 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। रक्तदान के साथ-साथ शिविर में आने वाले लोगों के लिए शरबत वितरण की व्यवस्था भी की गई, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिली।रहमतपुर गाँव के युवाओ ने मिलकर एक सराहनीय कदम उठाते हुए मुख्य मार्ग चटोरी चक्की कैफे एवं रेस्टोरेंट पर एक विशाल छबील का आयोजन किया। इस दौरान यहाँ से गुजरने वाले हजारों राहगीरों, बाइक सवारों, बस यात्रियों और पैदल चलने वाले लोगों को रोक-रोकर ठंडा और मीठा शरबत पिलाया गया।
दुपहर की भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच सफर कर रहे मुसाफिरों के लिए यह छबील किसी वरदान से कम नहीं थी। जैसे ही राहगीर इस पंडाल के पास पहुँचते, ग्रामीण बेहद आदर के साथ उन्हें रोकते और ठंडे शरबत के गिलास थमा देते। ठंडे-मीठे शरबत की घूंट भरते ही यात्रियों के चेहरों पर सुकून और मुस्कान साफ देखी जा सकती थी। कई राहगीरों ने ग्रामीणों की इस नि:स्वार्थ सेवा की जमकर तारीफ की।”इस चिलचिलाती धूप में सफर करना दूभर हो रहा था, गला पूरी तरह सूख चुका था। ग्रामीणों की इस छबील ने न सिर्फ प्यास बुझाई, बल्कि इंसानियत की एक खूबसूरत मिसाल भी पेश की है।”
गांव के युवाओं ने इस छबिल की संभाली कमान
इस पुनीत कार्य में गाँव के बच्चो से लेकर युवाओं तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह से ही युवा बर्फ की सिल्लियां, चीनी और रूहअफ़ज़ा (या नीबू) का इंतजाम करने में जुट गए थे।दोपहर होते-होते सेवादारों की टोली सड़क के दोनों ओर खड़ी हो गई ताकि कोई भी राहगीर प्यासा न छूट जाए। ग्रामीणों का कहना था कि इस भीषण गर्मी में राहगीरों और बेजुबान पक्षियों-पशुओं को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य का काम है।इस छबील के आयोजन में पूरे गाँव ने मिलकर सहयोग राशि जुटाई थी। ग्रामीणों ने बताया कि वे हर साल इस तरह के सामाजिक कार्य करते रहते हैं, जिससे न केवल लोगों को राहत मिलती है, बल्कि गाँव के युवाओं में सेवा भावना और आपसी भाईचारा भी बढ़ता है।शाम तक चली इस छबील में हजारों लीटर शरबत का वितरण किया गया। ग्रामीणों के इस प्रयास की आसपास के इलाकों में काफी सराहना हो रही है।
शिविर का आयोजन डॉ. दानिश अली के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था। रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानव सेवा का संदेश दिया।डॉ. दानिश अली ने कहा कि, “रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। समाज के सभी स्वस्थ लोगों को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।”
चटोरी चक्की के स्वामी शाहबान मलिक ने कहा कि, “मानव सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। रक्तदान शिविर में लोगों की भागीदारी यह दर्शाती है कि क्षेत्र के लोग सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान देने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।”
मास्टर तालिब ने अपने बयान में कहा कि, “युवाओं ने जिस उत्साह और जिम्मेदारी के साथ रक्तदान किया है, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। ऐसे आयोजन लोगों में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।”आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी समाजहित में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

