Breaking
21 Jun 2026, Sun

हरिद्वार में तीरंदाजी का महाकुंभ शुरू, 27 राज्यों के 700 धनुर्धर दिखाएंगे दमखम

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) धर्म नगरी हरिद्वार के एसएमजेएन पीजी कॉलेज में तीरंदाजी की 6 दिवसीय राष्ट्रीय चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हो गया। आर जेके फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस ‘महाकुंभ’ में देश के 27 राज्यों से 700 से अधिक धनुर्धर अपने तीर-कमान के साथ दमखम दिखाने पहुंचे हैं। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी महाराज के संरक्षण में हो रही इस चैंपियनशिप का समापन 21 जून को होगा।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर निगम मेयर किरण जैसल, रेलवे एसपी अरुणा भारती एवं कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुनील बत्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता फाउंडेशन के संरक्षक नरेश चौहान ने की, जबकि मंच संचालन डॉ. राधिका नागरथ और कंचन तनेजा ने किया।मेयर किरण जैसल ने कहा कि खेलों से युवाओं में राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव पैदा होता है, जिससे देश मजबूत होता है। हरिद्वार में इस चैंपियनशिप के आयोजन से स्थानीय युवाओं में तीरंदाजी के प्रति लगाव बढ़ेगा। रेलवे एसपी अरुणा भारती ने कहा कि खेलों से युवाओं का मानसिक और शारीरिक विकास होता है। पिछले एक दशक में युवाओं का रुझान खेलों की तरफ तेजी से बढ़ा है और उत्तराखंड ने भी खेल जगत में बेहतरीन तरक्की की है। प्राचार्य डॉ. सुनील बत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ अभियान ने देश में खेलों का स्तर ऊंचा किया है।

आरजेके फाउंडेशन के निदेशक कुलदीप चौहान एवं रमेश प्रसाद ने बताया कि इस बार की चैंपियनशिप की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को असली सोने का मेडल दिया जाएगा। प्रतियोगिता को चार आयु वर्गों में बांटा गया है। पहले दिन अंडर-13 आयु वर्ग के मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, झारखंड, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर सहित 27 राज्यों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इसका आयोजन उत्तराखंड तीरंदाजी फाउंडेशन एवं जिला हरिद्वार तीरंदाजी फाउंडेशन द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।

पंचायती आनंद अखाड़ा के महंत रचित गिरी और पंचदशनाम जूना अखाड़ा की महंत रजनी गिरी ने खिलाड़ियों को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में डॉ. संजय माहेश्वरी, डॉ. शिव कुमार चौहान, विनय थपलियाल, डॉ. जेसी आर्य, मोहन चन्द्र पांडे सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *