Breaking
14 Jun 2026, Sun

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर हरिद्वार के सभी विकास खंडों में जन-कल्याण शिविरों की धूम

हरिद्वार:(ज़ीशान मलिक)शासन के निर्देशों के अनुपालन में एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के कुशल निर्देशन में केंद्र सरकार के गौरवमयी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद हरिद्वार के सभी विकास खंडों में व्यापक स्तर पर जन-कल्याण शिविरों का भव्य आयोजन किया गया। बहादराबाद, लक्सर, खानपुर, रुड़की, भगवानपुर एवं नारसन के ब्लॉक मुख्यालयों पर आयोजित इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाना रहा।इन शिविरों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि यंत्रीकरण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्राकृतिक खेती, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आंगनबाड़ी सेवाओं तथा महिला एवं बाल विकास से संबंधित विभिन्न ऐतिहासिक योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।जिला प्रशासन द्वारा समाज कल्याण, कृषि, खाद्य आपूर्ति, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, पंचायती राज, सहकारिता, आंगनवाड़ी, आशा, पशुपालन, उद्यान एवं श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से न केवल योजनाओं की जानकारी दी गई, बल्कि पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण सुनिश्चित कर उन्हें लाभ वितरित किया गया। इस महा-अभियान में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, ग्राम स्तरीय संगठनों एवं लाभार्थियों ने बढ़-चढ़कर अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।

 “संतृप्ति” का लक्ष्य: जिला प्रशासन का संकल्प”

जनपद के सभी विकास खंडों में आयोजित इन जन-कल्याण शिविरों के माध्यम से शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। जिला प्रशासन ने “संतृप्ति” के लक्ष्य की दिशा में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए यह साफ किया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी जरूरतमंद अधिकारों से वंचित न रहे।

1. बहादराबाद: गर्भवती महिलाओं को पोषण टोकरी व किशोरियों को किट…!

बहादराबाद खंड विकास अधिकारी कार्यालय में आयोजित शिविर में आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना और लखपति दीदी योजना के तहत व्यापक पंजीकरण किए गए। ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी एवं खंड विकास अधिकारी मानस मित्तल ने ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान 20 बालिकाओं को किशोरी किट, 02 गर्भवती महिलाओं को पोषण टोकरी प्रदान की गई तथा गोद भराई कार्यक्रम हुआ। शिविर में कुल 368 व्यक्तियों ने भाग लिया और 245 लाभार्थियों को मौके पर लाभ व जानकारी दी गई।

2. लक्सर: महिला समूहों को लाखों के चेक और महालक्ष्मी किट वितरण…!

लक्सर उपजिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला की अध्यक्षता एवं ब्लॉक प्रमुख डॉ. हर्ष कुमार दौलत की उपस्थिति में तहसील स्तर के विभागों ने सक्रिय सहभागिता की। ग्रामोत्थान योजना के तहत सीएलएफ समूह की 05 महिलाओं को फूड वैन संचालन हेतु 6 लाख रुपये के चेक सौंपे गए। साथ ही, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 05 महिला स्वयं सहायता समूहों को 5-5 लाख रुपये के चेक (कुल 25 लाख) वितरित किए गए। बाल विकास विभाग की ओर से 05 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी दी गई।

3. रुड़की: बालिकाओं की विवाह सहायता के लिए दिए 50-50 हजार के चेक…!

रुड़की ब्लॉक प्रमुख लुबना राव की अध्यक्षता में आयोजित भव्य शिविर में डिजिटल सेवाएं, बैंकिंग योजनाएं, और आयुष्मान कार्ड की सुविधाएं प्रमुखता से दी गईं। समाज कल्याण विभाग द्वारा अत्यंत सराहनीय कदम उठाते हुए गरीब परिवारों की 05 बालिकाओं को विवाह सहायता के रूप में 50-50 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। शिविर में कृषि, पंचायती राज, उद्यान, श्रम और पशुपालन सहित दर्जन भर विभागों ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।

4. खानपुर: किसानों और श्रमिकों को मिली योजनाओं की सौगात…!

खानपुर खानपुर विकास खंड में आयोजित जन-कल्याण शिविर में 233 नागरिकों ने सहभागिता की। शिविर में कुल 09 प्रमुख विभागों द्वारा अपनी सेवाएं काउंटर लगाकर प्रदान की गईं। इस दौरान त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत मौके पर ही लाभान्वित किया गया। किसानों, श्रमिकों एवं आमजन को कृषि, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारियां दी गईं।

5. भगवानपुर: प्रधानमंत्री आवास योजना की सौंपी गईं चाबियां…!

भगवानपुर खंड विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार जोशी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में महिलाओं व स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार व आर्थिक सशक्तिकरण की मुख्यधारा से जोड़ने पर बल दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 03 लाभार्थियों को उनके सपनों के घर की चाबियां सौंपी गईं। पशुपालन विभाग द्वारा 03 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया, जबकि बाल विकास विभाग की ओर से 05 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की गई।

6. नारसन: 15 विभागों ने सुनीं समस्याएं, 190 को मिला सीधा लाभ…!

नारसन नारसन ब्लॉक में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां कुल 340 व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया। शिविर में रिकॉर्ड 15 विभागों ने अपनी स्टॉल लगाकर जनता को आवश्यक सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान लगभग 190 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ व महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। मौके पर उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों, बैंकिंग प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों ने जनता से सीधा संवाद कर उनकी शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट निस्तारण किया। प्रशासन की मुस्तैदी से सभी ब्लॉकों में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न; जनता ने जताया आभार।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *