हरिद्वार:(चीफ एडिटर)एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज में शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर आंतरिक गुणवत्ता प्रकोष्ठ, पर्यावरण प्रकोष्ठ और बीआईएस मानक क्लब के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में फलदार प्रजातियों का पौधारोपण भी किया गया।कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन ने जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर समस्या को जन्म दिया है। ग्लोबल वार्मिंग के चलते ग्लेशियर तेजी से पिघल रहे हैं और जैव विविधता का क्षरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि मानव के भविष्य और पर्यावरण के संरक्षण के लिए सतत विकास को आधार बनाकर जलवायु परिवर्तन रोकना समय की मांग है, वरना मानव जीवन का अस्तित्व ही नहीं बचेगा। 
पर्यावरण प्रकोष्ठ के समन्वयक और मानक क्लब के मेंटर डॉ. विजय शर्मा ने कहा कि जब तक प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण नहीं होगा, तब तक मानव जीवन भी सुरक्षित नहीं होगा। उन्होंने इस वर्ष की थीम ‘इंस्पायर्ड बाय नेचर, फॉर क्लाइमेट, फॉर ऑर फ्यूचर’ का जिक्र करते हुए कहा कि जलवायु के प्रति सजग रहकर किया जा रहा वैश्विक प्रयास पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम है।मानक क्लब ने पौधारोपण कर मानक को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी ने कहा कि विश्व के सभी देश जलवायु परिवर्तन की समस्या के प्रति गंभीर हैं और ठोस कदम उठा रहे हैं।
इस अवसर पर प्रो. विनय थपलियाल, डॉ. शिव कुमार चौहान, डॉ. मनोज कुमार सोही, वैभव बत्रा, कार्यालय अधीक्षक मोहन चन्द्र पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।

