
हरिद्वार:(चीफ एडिटर)जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार के सभागार में 31 मई को होने वाले ‘विश्व तंबाकू निषेध दिवस’ के उपलक्ष्य में विशेष विचार गोष्ठी एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर रहीं।


गोष्ठी में तंबाकू निषेध के साथ-साथ मध्यस्थता (Mediation), प्री-लिटिगेशन, पॉक्सो एक्ट, साइबर क्राइम और एनडीपीएस एक्ट जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। क्वांटम यूनिवर्सिटी, भगवानपुर के विधि विभाग के प्राध्यापक और छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से रोहित यादव और विनोद कुमारी ने तंबाकू से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी दी। अधिवक्ता एवं एडीजीसी सिविल लक्सर अनिल कुमार ने प्री-लिटिगेशन और मध्यस्थता का महत्व समझाया। एडीजीसी फौजदारी कुशलपाल सिंह चौहान ने मध्यस्थता अधिनियम के प्रावधान बताए। एडीजीसी पॉक्सो आदेश चंद्र चौहान ने पॉक्सो एक्ट की बारीकियां समझाईं। अधिवक्ता ललित मिगलानी ने साइबर क्राइम और एनडीपीएस एक्ट पर जानकारी दी। अधिकार मित्र राघवेंद्र नाथ धारी ने विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम की कार्यप्रणाली बताई।

गोष्ठी के बीच क्वांटम यूनिवर्सिटी के विधि छात्रों ने न्यायालय परिसर में तंबाकू निषेध पर प्रेरणादायक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक देखने के लिए जिला न्यायाधीश नरेंद्र दत्त, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप कुमार समेत समस्त न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी और अधिवक्ता मौजूद रहे।
समापन पर सिविल जज सीनियर डिवीजन ज्योति बाला, प्रथम अपर सिविल जज (एसडी)/एसीजेएम छवि बंसल तथा सचिव सिमरनजीत कौर ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करने वाले छात्रों और वक्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सचिव ने सभी का आभार जताया।
कार्यक्रम में डिप्टी एलएडीसी रमन कुमार सैनी, लॉ इंटर्न सोमा सरन और अपूर्वा चौधरी भी उपस्थित रहीं।

