Breaking
18 Sep 2026, Fri

पिरान कलियर दरगाह में विवादित नियुक्ति पर बवाल, जांच की मांग 

पिरान कलियर:(जीशान मलिक)पिरान कलियर दरगाह कार्यालय में एक कथित विवादित नियुक्ति को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। वार्ड नंबर 4 निवासी मोईन साबरी ने दरगाह प्रबंधक को शिकायती पत्र भेजकर नियुक्ति प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। शिकायत में आरोप है कि पहले नागरिकों के विरोध और जांच के बाद निरस्त की गई नियुक्ति को दोबारा बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

शिकायतकर्ता मोईन साबरी का कहना है कि दरगाह कार्यालय के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से तथ्यों को छिपाकर उच्चाधिकारियों को गुमराह किया जा रहा है। संबंधित व्यक्ति की नियुक्ति पहले विवादित और जांच योग्य पाई गई थी, जिसे अब दोबारा विशेष पद पर लगाने के लिए फाइल आगे बढ़ाई जा रही है।

पत्र में कहा गया है कि दरगाह कार्यालय में कई महत्वपूर्ण पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। आरोप है कि पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने के बजाय एक विशेष व्यक्ति को लाभ पहुंचाने की कोशिश हो रही है। इसे नियमों और सार्वजनिक विश्वास के विपरीत बताया गया है।शिकायत में आरोप है कि कुछ अधिकारी अपने करीबी लोगों को “दरगाह हितैषी” बताकर उनके विवादित मामलों को छिपाते हैं, जबकि ईमानदार लोगों की छवि धूमिल की जाती है। इसे दरगाह प्रशासन की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल बताया गया है।

“शिकायतकर्ता की 5 मांगें”

मोईन साबरी ने दरगाह प्रबंधन से पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है:

1. पूर्व में निरस्त नियुक्ति की पूरी फाइल की जांच हो।

2. वर्तमान में दोबारा चलाई जा रही फाइल पर तत्काल रोक लगे।

3. संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और सिफारिशकर्ताओं की भूमिका की जांच हो।

4. भविष्य में सभी नियुक्तियां विज्ञप्ति और पारदर्शी प्रक्रिया से ही हों।

5. तथ्य छिपाकर गुमराह करने वालों पर कार्रवाई हो।

शिकायत पत्र के अंत में दरगाह प्रबंधन से पूरे मामले में न्यायोचित और पारदर्शी कार्रवाई की मांग की गई है। फिलहाल दरगाह प्रबंधन की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *