
हरिद्वार:(चीफ एडिटर)भेल को इस साल रिकॉर्ड 34,629 करोड़ का टर्नओवर और 2116 करोड़ का मुनाफा होने के बावजूद श्रमिकों को PPP भुगतान के लिए जेसीएम मीटिंग की तारीख तक तय न होने से गुस्साए सैकड़ों कर्मचारियों ने मंगलवार शाम CFFP गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। भेल मजदूर कल्याण परिषद, इंटक के बैनर तले हुई जनसभा में प्रबंधन को दो दिवसीय जेसीएम बुलाने का अल्टीमेटम दिया गया।


संगठन के अध्यक्ष मुकुल राज और उपाध्यक्ष प्रशान्त दीप गुप्ता के संचालन में हुई सभा में महामंत्री राजवीर सिंह ने कहा: “इस साल टर्नओवर 20% और मुनाफा 192% बढ़ा है। शानदार प्रदर्शन में श्रमिकों का खून-पसीना लगा है, फिर भी PPP के लिए जेसीएम की तारीख तक नहीं निकली। इससे सभी श्रमिकों में भारी रोष है।

“इंटक की 8 प्रमुख मांगें”
1. सम्मानजनक PPP: वित्तीय वर्ष 2025-26 का प्लांट परफॉर्मेंस पेमेंट तुरंत दिया जाए।
2. नए लैपटॉप: 7 साल पुराने लैपटॉप बदले जाएं। वेज रिवीजन 2017 के तहत 5 साल बाद नया लैपटॉप देना तय था।
3. न्यू इंसेटिव स्कीम 2024:30 जनवरी की मीटिंग में सहमति न बनने से स्कीम अटकी है। सब-कमेटी की बैठक दोबारा बुलाई जाए।
4. केंद्रीय विद्यालय सेक्टर-04: स्कूल पूरी तरह चलाया जाए और कक्षा-1 में एडमिशन शुरू हों।
5. ओवरटाइम भुगतान: रविवार/छुट्टी पर काम कराने पर C-Off की जगह ओवरटाइम दिया जाए।
6. मैक्स देहरादून समेत मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल:भेल पैनल पर लिए जाएं ताकि इलाज में दिक्कत न हो।
7. मेडिकल सीलिंग बढ़े: डिपेंडेंसी लिमिट 1,500 से बढ़ाकर 20,000 रुपये की जाए।
8. नए आर्टिजन्स को 29,500 वेतन:TSW कार्यकाल में राज्य सरकार के न्यूनतम वेतन की जगह पहले की तरह कंसोलिडेट 29,500 रुपये दिए जाएं।
सभा के बाद प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने कहा कि जेसीएम जल्द न बुलाई गई तो अगला आंदोलन और उग्र होगा। होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।सभा की अध्यक्षता राजेंद्र चौहान ने की। इस दौरान राकेश चौहान, अश्वनी चौहान, अमित सिंह, रविंद्र चौहान, धर्मेंद्र मिश्रा, मनोज यादव समेत सैकड़ों श्रमिक मौजूद रहे।

