हरिद्वार:(ज़ीशान मलिक)सूर्य की तपिश के साथ ही देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। तापमान में लगातार हो रही वृद्धि के कारण जनजीवन तो प्रभावित हुआ ही है, साथ ही बेजुबान पक्षियों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पानी की कमी के कारण ये पक्षी प्यास से तड़पने लगते हैं और कई बार तो उनकी मृत्यु भी हो जाती है।
“भगवा सनातन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल की विशेष अपील”
इस गंभीर समस्या को देखते हुए भगवा सनातन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल ने सभी देशवासियों से एक विशेष अपील की है। पोर्टल ने सभी लोगों से अनुरोध किया है कि वे अपनी छत, बालकनी या आंगन में पक्षियों के लिए पानी का एक पात्र जरूर रखें।
“एक छोटी सी पहल, बचा सकती है कई जान”
अपनी अपील में भगवा सनातन टाइम्स पत्रकारों ने कहा है कि “गर्मी के मौसम में इंसान तो अपनी प्यास बुझा लेता है, लेकिन बेजुबान पक्षियों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ता है। आपकी एक छोटी सी पहल कई पक्षियों की जान बचा सकती है।”
“कैसे करें मदद?
आप पक्षियों की मदद के लिए निम्नलिखित कदम उठा सकते हैं:अपनी छत या बालकनी पर एक मिट्टी का बर्तन या कटोरी रखें।इस बर्तन को रोज साफ पानी से भरें।पानी को छायादार जगह पर रखें ताकि वह ज्यादा गर्म न हो।आप पानी के साथ थोड़ा सा दाना भी पक्षियों के लिए रख सकते हैं।
“हर साल होती है सैकड़ों पक्षियों की मौत”
यह एक दुखद सच्चाई है कि हर साल अप्रैल-मई की भीषण गर्मी में पानी की कमी के कारण सैकड़ों पक्षियों की मौत हो जाती है। विशेष रूप से गौरैया, कबूतर, कौवे और अन्य छोटे पक्षी इस गर्मी से सबसे अधिक प्रभावित होते हैं।
भगवा सनातन टाइम्स के पत्रकारों ने कहा कि “जीवों की सेवा करना सनातन धर्म का मूल मंत्र है। बेजुबान पक्षियों की मदद करना भी एक प्रकार की सेवा ही है। हमें सभी जीवों के प्रति दया और करुणा का भाव रखना चाहिए।”

