Breaking
21 Apr 2026, Tue

हाथी दांत की तस्करी का पर्दाफाश, STF और वन विभाग ने एक तस्कर को किया गिरफ्तार

हाथी दांत की तस्करी का पर्दाफाश, STF और वन विभाग ने एक तस्कर को किया गिरफ्तार

हरिद्वार, 4 नवम्बर 2025

उत्तराखंड एसटीएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दिल्ली स्थित वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (WCCB) से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर हरिद्वार जनपद के खानपुर रेंज क्षेत्र, थाना बुग्गावाला में की गई।

टीम ने आरोपी गुलाम हसन उर्फ शमशेर (35 वर्ष), पुत्र मुनीर आलम, निवासी ग्राम दौलतपुर हजरतपुर उर्फ बुधवा शहीद, थाना बुग्गावाला, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक हाथी का दांत बरामद किया।
बरामद दांत की लंबाई लगभग 22 इंच, गोलाई 9 इंच और वजन 2.4 किलोग्राम बताया गया है।

हाथी और उसके अंग, जैसे कि दांत आदि, भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की पहली अनुसूची (Schedule-1) में शामिल हैं। ऐसे में इनका शिकार या व्यापार करना एक गंभीर अपराध है। आरोपी के खिलाफ थाना बुग्गावाला में संबंधित अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एसटीएफ और वन विभाग की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की छानबीन की जा रही है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि यदि इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग की अपील:
प्रभागीय वनाधिकारी, हरिद्वार वन प्रभाग ने आम जनता से अपील की है कि वन्यजीवों या उनके अंगों की तस्करी एक दंडनीय अपराध है। यदि किसी को इस तरह की गतिविधि की जानकारी मिले, तो तुरंत वन विभाग या निकटतम वन चौकी को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *