हरेला पखवाड़े में 50 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
हरिद्वार,भगवा सनातन टाइम्स
30 जुलाई 2025 – महाविद्यालय में चल रहे हरेला पखवाड़े के अंतर्गत विज्ञान संकाय परिसर में नीम, बिल्वपत्र, गुलमोहर, कनेर, जामुन सहित अन्य औषधीय, छायादार एवं फलदार प्रजातियों के 50 पौधों का सामूहिक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनों ने पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों में योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने पूर्व एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुनीत कुमार कुलश्रेष्ठ और विजय कुमार सोनी को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए “हरेला मित्र” सम्मान से सम्मानित किया।
प्राचार्य प्रो. बत्रा ने कहा कि वृक्ष जीव-जंतुओं का निवास स्थान होने के साथ-साथ वातावरण में ऑक्सीजन की मात्रा संतुलित करते हैं, मिट्टी के अपरदन को रोकते हैं और मानव जीवन को विभिन्न संसाधनों से परिपूर्ण करते हैं। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
पूर्व एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुनीत कुमार कुलश्रेष्ठ और विजय कुमार सोनी ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रकृति ने हमें वृक्षों और जड़ी-बूटियों का खजाना दिया है, जो जीवन के लिए आवश्यक प्राणवायु प्रदान करते हैं। लेकिन विकास की अंधी दौड़ में वृक्षों का अंधाधुंध कटान कर हम अपने ही अस्तित्व को खतरे में डाल रहे हैं।
इस अवसर पर प्रो. जगदीश चन्द्र आर्य, विनय थपपिलयाल, डॉ. यादविन्दर सिंह, डॉ. मोना शर्मा, डॉ. आशा शर्मा, डॉ. लता शर्मा, डॉ. पूर्णिमा सुन्दरियाल, विनीत सक्सेना सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

