हरिद्वार:(जीशान मलिक) मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिलाधिकारी ने छात्रहित में बड़ा फैसला लिया है। भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा 10 जुलाई के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र 10 जुलाई 2026, शुक्रवार को बंद रखने के आदेश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) के तहत यह आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार जनपद हरिद्वार के सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जुलाई को अवकाश रहेगा। मौसम विभाग ने 09 जुलाई को सायं 6:30 बजे जारी पूर्वानुमान में कहा है कि 10 जुलाई को जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। लगातार बारिश से नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने की आशंका के चलते जिला प्रशासन ने यह एहतियाती कदम उठाया है।
जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई विद्यालय या संस्था आदेश की अवहेलना करती है तो उसके विरुद्धआपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें और मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें।

