हरिद्वार:(जीशान मलिक)कांवड़ मेला-2026 के चौथे दिन हरिद्वार में आस्था का जनसैलाब देखने को मिला। मेला कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार आज 31 लाख 50 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
पुलिस कंट्रोल रूम के आंकड़ों के मुताबिक कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक कुल 76 लाख 85 हजार शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल भरकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से चल रही हैं। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी लगातार तैनात हैं।
प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।जिला प्रशासन ने सभी कांवड़ियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों का पालन करें, प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें और स्वच्छ एवं सुरक्षित कांवड़ यात्रा के संचालन में सहयोग करें।बोल बम के जयकारों के साथ हरिद्वार की सड़कों पर आस्था का यह प्रवाह अगले दिनों में और बढ़ने की संभावना है।

