हरिद्वार ने जीता 15वीं उत्तराखंड राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप का खिताब, 20 गोल्ड जीतकर खिलाड़ियों ने नेशनल के लिए किया क्वालीफाई
देहरादून, 17 मई 2025
उत्तराखंड ताइक्वांडो संघ द्वारा आयोजित 15वीं राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप का समापन कल देहरादून में पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेशभर के करीब 250 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें हरिद्वार जिले के खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 20 स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।

हरिद्वार की इस शानदार जीत ने न केवल जिले को गर्व से भर दिया, बल्कि इसके साथ ही यहां के 20 खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए भी चयनित हो गए हैं। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 23 से 25 जून 2025 तक प्रेमनगर आश्रम, हरिद्वार में आयोजित की जाएगी।
स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रमुख खिलाड़ियों में अर्नव यादव, आध्या, ओम मलियान, दक्ष और नंदिनी के नाम शामिल हैं, जिनकी मेहनत और समर्पण ने हरिद्वार को यह गौरव दिलाया।
चैंपियनशिप का आयोजन हरिद्वार ताइक्वांडो संघ के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान कई गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे जिनमें रविंदर परमार (सचिव), रविंदर पंवार (कोषाध्यक्ष), अभिनव शर्मा (अध्यक्ष), बिट्टू जी और भारती जी प्रमुख रूप से शामिल थे।
इस अवसर पर संघ के सचिव रविंदर परमार ने कहा, “यह हरिद्वार के लिए गर्व का क्षण है। हमारे खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ खेल भावना का परिचय दिया है। हमें पूर्ण विश्वास है कि वे राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।”
यह आयोजन राज्य में ताइक्वांडो के प्रति युवाओं की बढ़ती रुचि का परिचायक बना और उत्तराखंड ताइक्वांडो संघ की खेल के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत किया।

